मुख्य समाचार

25 साल बाद 848 कर्मियों को मिली बकाया वेतन की पहली किस्त 

पटना। उद्योग विभाग के अधीन तीन निगमों में कार्यरत 848 कर्मियों के 25 साल से लंबित वेतन का भुगतान उद्योग विभाग ने शुरू कर दिया है। लंबित वेतन की राशि 106.90 करोड़ रुपए है। उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने पहली किस्त के रूप में 29.85 करोड़ राशि एक समारोह में जारी की। शेष 77.05 करोड़ का भुगतान भी शीघ्र जारी किया जाएगा। 

बिहार राज्य हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प निगम, बिहार राज्य वस्त्र निगम और बिहार राज्य औषधि एवं रसायन विकास निगम के कर्मियों का वेतन करीब 25 साल से लंबित था। समारोह में बिहार राज्य हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प निगम के 370 कर्मचारियों को 14 करोड़, औषधि एवं रसायन विकास निगम के 324 कर्मचारियों को 11.6 करोड़ एवं वस्त्र निगम के 154 कर्मचारियों को 4.25 करोड़ राशि दी गई। 

तीनों निगमों के कर्मचारियों को पहली किस्त देने के बाद उद्योग मंत्री ने कहा कि शेष वेतन और पीएफ के भुगतान के लिए 77.05 करोड़ रुपए का आवंटन हो गया है। इसका वितरण शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा राज्य सरकार बिहार में उद्योगों के विकास और पूंजी निवेश को बढ़ावा देने के साथ विभाग के कर्मियों की भी चिंता कर रही है। लंबे अरसे के बाद वेतन पाने वाले बुजुर्ग और महिला कर्मियों ने उद्योग मंत्री को धन्यवाद दिया।  

 


 


संबंधित खबरें