मुख्य समाचार

राजीव ने कार्यभार संभाला, आदेश को दी गई विदाई

पटना। कृषि विभाग के नए निदेशक राजीव रौशन ने कार्यभार संभाल लिया। वह कृषि निदेशक के अलावा ग्रामीण विकास विभाग में अपर सचिव, जीविका में अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं जल-जीवन-हरियाली मिशन निदेशक के अतिरिक्त प्रभार में भी हैं। 

निवर्तमान कृषि निदेशक आदेश तितरमारे को एक समारोह में भावभिनी विदाई दी गई। तितरमारे मुंबई पोर्ट ट्रस्ट में उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। कृषि सचिव डॉ एन. सरवण कुमार की अध्यक्षता में नए कृषि निदेशक का स्वागत एवं निवर्तमान कृषि निदेशक की विदाई दी गई। 

कृषि सचिव ने तितरमारे के कार्यकाल में किए गए पांच कार्यों की प्रशंसा की। बीज की होम डिलीवरी, उर्वरक पर जीरो टॉलरेंस नीति, माप-तौल की गतिविधियों का ऑनलाइन एवं लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम के अधीन लाना, डीबीटी का सुदृढ़ीकरण एवं नवनिर्मित कृषि भवन जैसे कार्यों में आदेश का सराहनीय योगदान रहा। 

आदेश तितरमारे ने अपने विदाई संबोधन में कहा कि कृषि अधिकारियों का प्रशिक्षण के माध्यम से क्षमतासंवर्द्धन, कृषि में नई तकनीक के उपयोग एवं अधिकारियों के क्षेत्र-भ्रमण पर विशेष जोर देना चाहिए। उन्होंने विभाग के अनुदेशों को और सरल बनाने पर भी बल दिया। बैठक में उद्यान निदेशक नंद किशोर, विशेष सचिव रवींद्रनाथ राय एवं विजय कुमार समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे। 


संबंधित खबरें