मुख्य समाचार

ईंट निर्माताओं के हित का ख्याल रखेगी राज्य सरकार  

पटना। डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कोरोना काल में अन्य कारोबार की तरह ईंट निर्माण से जुड़े व्यवसाय पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। सरकार उनके हितों की रक्षा करेगी। बिहार के विकास कार्यों में ईंट निर्माताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। एक ओर जहां ईंट व्यवसाय में इजाफा हुआ, वहीं दूसरी ओर सरकार को राजस्व भी मिला। 

डिप्टी सीएम बापू सभागार में आयोजित बिहार ईंट निर्माता संघ के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ईंट निर्माताओं के हित में परिवहन विभाग ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। ईंट निर्माता संघ के सहयोग से बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने राज्य के अधिकतर ईंट भठ्ठों में स्वच्छता एवं प्रदूषण मुक्त तकनीक लागू किया है। 

लाल ईंट एवं फ्लाई एश ईंट के निर्माण एवं उपयोग में ईंट निर्माताओं के हितों का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नए उद्योगों की स्थापना एवं निवेश के प्रयास में जुटी है। ईंट निर्माता पर्यावरण के ख्याल से बनी सरकार की नीतियों के साथ सामंजस्य बनाते हुए काम करें। 

विधानसभा के अध्यक्ष विजय सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार, श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार एवं खनन एवं भूतत्व मंत्री जनक राम ने भी अपने विचारों को रखा। इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण एवं वन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, बिहार ईंट निर्माता संघ के अध्यक्ष मुरारी कुमार, महासचिव संजय कुमार एवं संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष सत्यानंद शर्मा समेत विभिन्न जिलों से ईंट निर्माता संघ के प्रतिनिधि मौजूद थे।


 


संबंधित खबरें