पटना। राज्य के 40 कलाकारों को उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने बिहार म्यूजियम में सम्मानित किया। समारोह में बीस कलाकार को 50 हजार एवं अन्य बीस कलाकारों को 25 हजार का चेक दिया गया। इस मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि हमारी पूरी कोशिश है कि बिहार के बुनकर, कलाकार एवं शिल्पकारों को देश ही नहीं विदेश में भी बाजार मिले। इसके लिए अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे प्लेटफॉर्म की मदद ली जाएगी।
उद्योग मंत्री ने कहा कि उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान देश के प्रमुख कला संस्थानों में से एक है। उद्योग विभाग ने शिल्पकारों के लिए 12 करोड़ राशि जारी की है। इस बार कलाकारों को मिलने वाली पुरस्कार राशि भी दोगुनी हो गई है। समारोह में आए शिल्पकार एवं कलाकारों से उन्होंने अपील की है कि उनकी कृतियां इतनी महान बने कि भविष्य में उन्हें इसी म्यूजियम में जगह मिले। बिहार के सभी कलाकारों को इसी मंशा से काम करना चाहिए।
समारोह में पद्मश्री बौआ देवी, वरिष्ठ चित्रकार आनंदी बादल, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन, उपेंद्र महारथी संस्थान के अशोक सिन्हा, उद्योग विभाग के विशेष सचिव, कलाकार और कलाप्रेमी मौजूद थे।