पटना। महाटीकाकरण अभियान 2.0 का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पाटलिपुत्र स्पोर्टस कॉम्पेलक्स, कंकड़बाग में किया। साथ ही 70 पीएसए ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार से सम्मानित बिहार की दो स्टाफ नर्स रंजु कुमारी एवं वंदना कुमारी को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया गया है। आज 30 लाख से अधिक लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य है। शहरों में काफी हद तक टीकाकरण हो चुका है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी टीकाकरण तेजी से किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि बिहार में कोरोना का ग्राफ घट रहा है। अभी राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या काफी कम है। लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। छह माह में छह करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य है। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से सभी को सतर्क रहना है।
122 अस्पतालों में पीएसए ऑक्सीजन जेनेरेशन प्लांट बनाने का काम शुरू हो गया है। उनमें से आज 70 जगहों पर प्लांट का लोकार्पण हो रहा है। 70 पीएसए प्लांट में 38 पीएम केयर फंड से और 32 का राज्य सरकार ने निर्माण कराया है।
10 मेडिकल कॉलेजों में क्रायोजेनिक ऑक्सीजन टैंक के लिए काम हो रहा है। चार मेडिकल अस्पताल पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एनएमसीएच एवं मेडिकल कॉलेज नालंदा में इसकी शुरुआत हो गई है। दरभंगा, बेतिया, भागलपुर, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर एवं गया मेडिकल कॉलेजों में शीघ्र इसकी शुरुआत होगी। कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे एवं अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भी संबोधित किया।