मुख्य समाचार

पटना सिटी में बनेंगे चार औद्योगिक क्लस्टर 

पटना सिटी। पटना सिटी क्षेत्र में चार औद्योगिक क्लस्टर बनाए जाएंगे। ये क्लस्टर एलईडी बल्ब, स्टील फर्नीचर, खिलौने और फुटवियर से जुड़े होंगे। पटना सिटी के गायघाट स्थित एक होटल में उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने उद्यमियों के साथ संवाद कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। इस मौके पर पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव भी मौजूद थे। 

कार्यक्रम का आयोजन उद्योग विभाग एवं पटना साहिब उद्यम विकास संगठन ने किया था। उद्योग मंत्री ने कहा कि यहां दस-दस करोड़ की लागत से एलईडी बल्ब एवं स्टील फर्नीचर क्लस्टर को पहले ही स्वीकृति दी गई है। अब खिलौने और फुटवेयर के क्लस्टर भी यहां बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में उद्योग लगे। इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। एलईडी बल्ब से जुड़ी यूनिट को देखने के बाद उन्होंने कामगारों का हौसला भी बढ़ाया। साथ में एलईडी बल्ब उत्पादक संघ के रंजीत जायसवाल भी थे।   

कपड़ा मंत्रालय के सचिव के साथ बैठक : गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन में केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के सचिव यूपी सिंह एवं उद्योग मंत्री के साथ बैठक हुई। देश में कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की योजनाओं और बिहार की ड्राफ्ट टेक्सटाइल एवं लेदर पॉलिसी पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सांसद डॉ संजय जायसवाल, कपड़ा मंत्रालय के विकास आयुक्त, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा एवं वरीय अधिकारी मौजूद थेे। 

बेतिया के विकास पर चर्चा : बेतिया में बड़ा टेक्सटाईल पार्क बनाने को लेकर सांसद डॉ संजय जायसवाल ने उद्योग मंत्री से बात की। उद्योग मंत्री ने बताया कि सांसद ने बियाडा की जमीन की कीमत की विसंगतियों को दूर करने की मांग की है। इस पर गंभीरता से काम हो रहा है। इसके अलावा बेतिया के उद्योग से संबंधित जो भी समस्याएं हैं। उनका तीन अक्टूबर को बेतिया में समाधान होगा। साथ ही नए उद्योगों की स्थापना के लिए योजनाओं पर आखिरी मुहर भी लगेगी।
 


संबंधित खबरें