पटना। गांधी जयंती के अवसर पर खादी मॉल से कपड़ों की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट शुरू की गई है। राज्य सरकार खादी को लोगों तक पहुंचाने के लिए पटना के अलावा भागलपुर, पूर्णिया एवं मुजफ्फरपुर में शीघ्र खादी मॉल का निर्माण शुरू करेगी। ये बातें गांधी मैदान के समीप स्थित खादी मॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहीं। कार्यक्रम का आयोजन बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड ने किया था।
इस मौके पर बिहार में खादी नामक किताब का विमोचन भी किया गया। इस किताब से युवा पीढ़ी को राज्य के खादी उद्योग की जानकारी मिलेगी। साथ ही उन्हें खादी और बापू के आदर्शों से भी जोड़ेगी।

उद्योग मंत्री ने कहा कि खादी को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार शीघ्र नई वस्त्र नीति लेकर आ रही है। खादी पूरे देश के साथ बिहार के भी करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन है। गांधी जयंती पर आज खादी के प्रति संकल्प लेने का दिन है। इससे खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ राज्य के हजारों बुनकर एवं युवाओं को रोजगार मिल सकेगा।
समारोह में डिप्टी सीएम रेणु देवी ने कहा कि राष्ट्रपिता ने खादी के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया था। उनकी जन्मभूमि गुजरात थी, लेकिन वास्तविक कर्मभूमि बिहार ही रही।
विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह एवं परिवहन मंत्री शीला मंडल ने भी अपने विचारों को रखा।
इस अवसर पर पद्मश्री बौआ देवी, वरिष्ठ कलाकार आनंदी प्रसाद बादल, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, विशेष सचिव दिलीप कुमार एवं राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अधिकारी मौजूद थे। पेंटिंग प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।