मुख्य समाचार

स्कूलों में कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन का निर्देश

पटना। स्कलों में कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन की लगातार मिल रही शिकायत को देखते हुए पटना प्रमंडल प्रशासन ने निर्देश जारी किया है। सभी जिलाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजे निर्देश में कहा गया है कि लंच के समय स्कूल कैंपस में भीड़ जमा न हो और एक साथ सभी क्लास की छुट्टी नहीं दी जाए।

प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि कुछ प्राइवेट स्कूलों के बारे में अभिभावकों से शिकायत मिली है कि छुट्टी और लंच के समय स्कूल परिसर में भीड़ लग जाती है। सड़क ट्रैफिक की समीक्षा में भी यह बात आयी है कि एक साथ सभी क्लास की छुट्टी होने से सड़क पर जाम की समस्या हो रही है।

आयुक्त ने निर्देश दिया है कि लंच के लिए कुछ क्लास को 15 मिनट पहले और कुछ को 15 मिनट के बाद का समय दें। इससे सभी बच्चे एक साथ कैंपस में नहीं जुटेंगे। इसी तरह सभी क्लास की एक साथ छुट्टी नहीं करें। 10 से 15 मिनट के अंतराल पर आधे-आधे बच्चों की छुट्टी करें। स्कूल प्रशासन अपने स्तर से भी भीड़ रेगुलेट करने के लिए निर्णय ले सकते हैं।

कोविड प्रोटोकॉल को देखते हुए स्कूलों में पूरी सुरक्षा की जरूरत है। कोविड के प्रति बच्चों को शिक्षित करें ताकि उनके मन में किसी प्रकार की गलत जानकारी नहीं रहे। बच्चों को मास्क लगाने के लिए प्रेरित करें। समय-समय पर बच्चों को इस बीमारी की अपडेट जानकारी भी दें।


संबंधित खबरें