मुख्य समाचार

इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा बिहार

पटना। पूर्व और पूर्वाेत्तर क्षेत्रों के लिए इंडिया स्किल्स 2021 क्षेत्रीय प्रतियोगिता का आयोजन पटना में होने जा रहा है। प्रतियोगिता 20 अक्टूबर से 23 अक्टूबर, 2021 तक होगी। इसमें बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मेघालय, मिजोरम, असम, त्रिपुरा और अंडमान और निकोबार (नौ राज्य) के 300 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। ये खिलाड़ी 42 कौशल में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

श्रम संसाधन विभाग के मंत्री जिवेश कुमार ने बताया कि देश के युवा प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता की जा रही है। श्रम संसाधन विभाग के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन (बीएसडीएम) ने राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के सहयोग से इसका आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि बिहार को क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता आयोजित करने का मौका मिला है। बिहार हमेशा से शोध और कौशल का धरती रही है।

क्षेत्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 20 अक्टूबर को ज्ञान भवन एवं समापन 23 अक्टूबर को बापू सभागार में होगा। प्रतियोगिता बारह सहयोगी संस्थानों में होगी, जहां विभिन्न कौशल प्रक्षेत्रों के विशेषज्ञ होंगे। बिहार के 44 युवा 19 कौशल में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। ये प्रतिभागी ब्रिकलेइंग, मोबाइल रोबोटिक्स, वेल्डिंग, प्लास्टिक डाई इंजीनियरिंग, फ्लोरिस्ट्री, बेकिंग आदि सहित 19 कौशलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

बिहार कौशल विकास मिशन एक विंग है। यह 15-25 वर्ष की आयु के राज्य के युवाओं को कौशल प्रदान करने के लिए नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करता है। इस वर्ष बिहार से लगभग 3500 से अधिक उम्मीदवारों ने इंडिया स्किल्स 2021 प्रतियोगिता के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया था। अंतिम रूप से 44 प्रतिभागियों का चयन किया गया।

इंडिया स्किल्स 2021 क्षेत्रीय प्रतियोगिता पूर्व और पूर्वाेत्तर क्षेत्रों के साथ बिहार से शुरू हो रही है। यह क्रमशः पश्चिम, उत्तर और दक्षिण क्षेत्रों में आयोजित की जाएगी। विजयी प्रतिभागी इंडिया स्किल्स 2021 की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। यह 23 से 27 दिसंबर 2021 तक बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी।

 


संबंधित खबरें