मुख्य समाचार

गति शक्ति योजना से पूरा होगा औद्योगिक बिहार का संकल्प

पटना/नई दिल्ली। 100 लाख करोड़ की योजना पीएम गति शक्ति-राष्ट्रीय मास्टर प्लान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में शुभारंभ किया। पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, औद्योगिक विकास के सभी हितधारक एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

यह योजना वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के लिए देश को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ अगले 25 वर्षों के लिए भारत की नींव रखी जा रही है। पीएम गतिशक्ति-राष्ट्रीय मास्टर प्लान भारत के विश्वास को आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तक ले जाएगा।

पटना में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उद्योग मंत्री ने कहा कि इस मिशन को पूरा करने में बिहार भी अपनी जिम्मेदारी अच्छे से निभाएगा। हमारी पूरी कोशिश होगी कि पीएम गति शक्ति-नेशनल मास्टर प्लान का लाभ उठाते हुए औद्योगिक बिहार का संकल्प पूरा हो।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सभी इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्माण का लक्ष्य पूरा होने के बाद मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स का उत्पादन और लॉजिस्टिक्स खर्च काफी कम होगा। ये प्रोडक्ट्स गुणवत्ता और सस्ती कीमत की बदौलत विश्व बाजार की प्रतिस्पर्धा में डटकर मुकाबला करेंगे।

राज्य में लालफीताशाही को कम कर उद्योगों को बढ़ावा देना और कारोबार को आसान बनाना है। इसके लिए आधारभूत ढांचे की मजबूती जरूरी है। पानी, बिजली, कृषि और श्रम के मामले में बिहार आत्मनिर्भर है। अब उद्योग के क्षेत्र में हमें आत्मनिर्भर बनना है। कार्यक्रम में उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, विशेष सचिव दिलीप कुमार, उद्योगपति, व्यवसायी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

 


संबंधित खबरें