मुख्य समाचार

प्रतिभावान लोगों की धरती है बिहार : राष्ट्रपति

पटना। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि बिहार प्रतिभावान लोगों की धरती है। बिहारवासी उस समृद्ध विरासत के उत्तराधिकारी हैं और आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी भी उन्हीं की है। बिहार के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह धरती विश्व के प्रथम लोकतंत्र की जननी रही है। भारत के संविधान निर्माण में भी बिहार की विभूतियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

राष्ट्रपति बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह के अवसर पर एक व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे। “सदन में विमर्श ही संसदीय प्रणाली का मूल है“ व्याख्यान का विषय था। इससे पहले उन्होंने विधानसभा परिसर में शताब्दी स्मृति स्तंभ की आधारशिला रखी और महाबोधि वृक्ष का पौधा लगाया।

राज्यपाल फागू चौहान ने बिहार विधानसभा कीे 100 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पर आधारित एक स्मारिका का विमोचन किया। इसकी पहली प्रति राष्ट्रपति को दी गई। विधानमंडल के सदस्यों के लिए गए सामाजिक संकल्प अभियान शिलापट्ट का भी शिलान्यास किया गया।

राष्ट्रपति ने कहा कि शताब्दी वर्ष का यह समारोह लोकतंत्र का उत्सव है। बिहार विधानमंडल के वर्तमान सदस्यों के साथ पूर्व सदस्यों की उपस्थिति स्वस्थ संसदीय परंपरा का एक अच्छा उदाहरण है।

विधानमंडल के सदस्यों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि बिहार की जनता आप सभी जनप्रतिनिधियों को अपना भाग्य विधाता मानती है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि सभी विधायक अपने आचरण और कार्यशैली से जनता की आशाओं को साकार रूप देने का प्रयास करेंगे।

साथ ही संकल्प अभियान के जरिए बिहार को एक सुशिक्षित, सुसंस्कारित और सुविकसित राज्य बनाएंगे। इन प्रयासों से देश की आजादी के शताब्दी वर्ष तक बिहार ह्यूमन डेवलपमेंट के पैमानों पर एक अग्रणी राज्य बन सकेगा। इस तरह विधायिका की शताब्दी का यह उत्सव सही मायनों में सार्थक होगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि बिहार में शराब की बिक्री और सेवन पर रोक है। बिहार विधानसभा ने इसे कानून का दर्जा देकर लोक स्वास्थ्य तथा समाज विशेषकर कमजोर वर्ग की महिलाओं के हित में कल्याणकारी कार्य किया है।

दीपावली और छठ पूजा की अग्रिम बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि छठ पूजा अब एक ग्लोबल फेस्टिवल बन चुका है। यह इस बात का प्रमाण है कि बिहार की संस्कृति से जुड़े लोगों ने विश्वस्तर पर अपना स्थान बनाया है।

कार्यक्रम को राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा एवं विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने भी संबोधित किया।

 


संबंधित खबरें