भागलपुर। इंडियन सिल्क एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल का क्षेत्रीय कार्यालय भागलपुर स्थित रेशम भवन में खुलेगा। इससे यहां से रेशम उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलने में सुविधा होगी। साथ ही सात करोड़ की लागत से छात्रावास सुविधा के साथ उद्योग प्रशिक्षण केंद्र भवन का भी निर्माण होगा। सैंडिस कंपाउंड में मंजूषा महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर उद्योगमंत्री शाहनवाज हुसैन ने इसकी घोषणा की।
उद्योग मंत्री ने कहा कि भागलपुर में जब खादी मॉल और इंडियन सिल्क एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल का क्षेत्रीय कार्यालय शुरू हो जाएगा, तो यहां के छोटे-बड़े उद्योगों को पंख लग जाएंगे। बड़े उद्योगों के साथ बुनकर और छोटे उद्योगों की भी मुझे चिंता है। प्रधानमंत्री बुनकर मुद्रा योजना के अंतर्गत दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक से एक माह में एक करोड़ रुपए के ऋण वितरण की सहमति बनी है।
लोदीपुर में ब्लॉक स्तर का क्लस्टर खुलेगा। केंद्र की मदद से राज्य में चार बड़े एक्सपो में एक स्टेट हैंडलूम एक्सपो भागलपुर में लगेगा। बाकी तीन एक्सपो पटना (नेशनल हैंडलूम एक्सपो), नालंदा (स्टेट हैंडलूम एक्सपो) और बोधगया ( डिस्ट्रिक्ट हैंडलूम एक्सपो) में लगेगा।
उन्होंने कहा कि पिछली बार जब मैं भागलपुर आया था, तो बांका और भागलपुर के 250 बुनकरों को 10 हज़ार रुपए की कार्यशील पूंजी दी थी। इस बार और 250 बुनकरों को 10 हज़ार रुपए की कार्यशील पूंजी देने की घोषणा कर रहा हूं। उद्योग विभाग में यह कार्य योजना भी तैयार की जा रही है कि कैसे बनारस की तर्ज पर भागलपुर को सिल्क सेंटर के रूप में विकसित किया जाए।