पटना। टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा के उद्योगपतियों से उद्योग के नए विस्तार के लिए बिहार चुनने की अपील उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने की है। भीलवाड़ा से रवाना होने से पहले उन्होंने जैन श्वेतांबर आचार्य महाश्रमणजी से भी आशीर्वाद लिया।
भीलवाड़ा दौरे को लेकर उद्योग मंत्री ने बताया कि टेक्सटाइल सिटी का दौरा बहुत अच्छा रहा। उद्योगपतियों ने जो सम्मान और समय दिया, उसके लिए आभारी हूं। भीलवाड़ा में टेक्सटाइल उद्योग की बहुत सारी जानकारियां हासिल हुईं। इनका इस्तेमाल बिहार में टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने में किया जाएगा।
भीलवाड़ा यात्रा के दौरान उद्योग मंत्री ने सुविधि रेयान प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मिलाप चंद जैन और राजेश कुमार जैन से बात की। यह कंपनी रेयान, कॉटन एवं डेनिम समेत कई तरह के कपड़ों का निर्माण करती है। संगम ग्रुप के चेयरमैन आरपी सोनी के कार्यक्रम में भी वह शामिल हुए। इसमें कई स्थानीय उद्योगपति मौजूद रहे। विशाल सूटिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के एमडी राजेंद्र भालावत से मुलाकात कर टेक्सटाइल उद्योग की विस्तृत जानकारी ली।