पटना। निफ्ट परिसर में तीन दिवसीय क्राफ्ट बाजार का शुभारंभ उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने किया। बाजार में बिहार के विभिन्न जिलों से आए शिल्पकार और बुनकरों के स्टॉल लगे हैं। मीठापुर फार्म्स स्थित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के छात्रों ने भी कुछ स्टॉल लगाए हैं।
उद्योग मंत्री ने सभी स्टॉल देखने के बाद छात्रों से कहा कि अगला दौर बेहतरीन डिजाइन और गुणवत्ता का है। प्रधानमंत्री का पहले से काफी जोर है कि हिंदुस्तान में बने उत्पादों की डिजाइन और गुणवत्ता काफी अच्छी हो। वैश्विक स्तर पर भारतीय उत्पादों के लिए बाजार तैयार करने के लिए यह बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे में निफ्ट जैसे संस्थान की भूमिका काफी बढ़ जाती है। डिजाइनिंग में यदि क्रिएटिविटी और कल्पनाशीलता जुड़ जाए, तो किसी भी उत्पाद को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने से कोई रोक नहीं सकता। निफ्ट ने हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास की दिशा में सराहनीय योगदान दिया है। ऐसे प्रयासों को और बढ़ाने की जरूरत है।