पटना। कंकड़बाग स्थित जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रोच्चार एवं शंख ध्वनि के बीच उद्घाटन किया। इसके साथ ही जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में इन पेशेंट सर्विस शुरू हो गई। अब मरीज यहां भर्ती होकर अपना इलाज करा सकेंगे। 2020 में यहां ओपीडी सेवा शुरू हुई थी।
मुख्यमंत्री ने हॉस्पिटल के विभिन्न विभाग एवं वार्ड का मुआयना किया। जयप्रभा मेदांता हॉस्पिटल के सीईओ डॉ पंकज साहनी ने मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें खुशी है कि मेदांता के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ नरेश त्रेहान पटना में अस्पताल चलाने को तैयार हुए।
वर्ष 2016 में हॉस्पिटल का शिलान्यास और पिछले वर्ष ओपीडी सेवा शुरू की गई। हमने डॉ त्रेहान से कहा है कि यहां शीघ्र कैंसर का इलाज भी शुरू करा दीजिए। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की इच्छा थी कि पटना में कैंसर का अस्पताल होना चाहिए। जयप्रभा हॉस्पिटल खोलने की शुरुआत वर्ष 1979 में की गई थी।
सीएम ने कहा कि हॉस्पिटल काफी अच्छा है। यहां निर्धन लोगों के लिए 25 प्रतिशत बेड रिजर्व किए गए हैं। उनके लिए राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित शुल्क के अनुसार यहां इलाज होगा। सरकारी कर्मचारियों का भी यहां नॉर्मल रेट पर इलाज होगा।
इस अवसर पर मेदांता के सीएमडी डॉ नरेश त्रेहान, हॉस्पिटल के सभी डॉक्टर एवं कर्मी, डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।