पटना। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू वायु सेना के विशेष विमान से दो दिवसीय दौरे पर शनिवार की शाम पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा एवं कई मंत्रियों ने उनका अभिनंदन किया।
उपराष्ट्रपति सात नवंबर को पूर्वी चंपारण एवं नालंदा जिलों में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। पिपराकोठी में डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के दीक्षांत समारोह में वह शामिल होंगे। इसके बाद उपराष्ट्रपति नालंदा यूनिवर्सिटी के छठे अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। पटना आने के बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।
पटना एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, संसदीय कार्य एवं शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, परिवहन मंत्री शीला कुमारी एवं मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों ने भी उपराष्ट्रपति का अभिवादन किया।