पटना। जापान की कंपनी मित्सुई सुमितोमो, फुजीसीमा कंपनी लिमिटेड एवं ईएसपीएडी कंपनी लिमिटेड के प्रेसिडेंट दिसंबर माह में बिहार आएंगे । ये कंपनियां बिहार में कंस्ट्रक्शन, जेैन-बुद्धिस्ट पार्क विकास, विदेशी स्तर की स्मार्ट सिटी सहित अन्य क्षेत्रों में काम करने के लिए इच्छुक हैं।
बिहार फाउंडेशन के जापान चैप्टर के अध्यक्ष आनंद विजय ने डिप्टी सीएम सह बिहार फाउंडेशन के अध्यक्ष तारकिशोर प्रसाद को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोधगया में निको इंटरनेशनल को-ऑपरेशन फॉर कम्युनिटी डेवलपमेंट जैविक खेती के क्षेत्र में 2018 से काम कर रही है। चेरी, टोमैटो तथा जैपनीज मेलन की खेती के साथ वृद्ध लोगों की सेवा में कार्यरत है।
पटना में बिहार के छात्रों को जापानी भाषा का प्रशिक्षण देने के लिए जैपनीज लैंग्वेज एंड कल्चरल सेंटर की स्थापना की गई है। इस क्षेत्र में जापान में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।
प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार आत्मनिर्भर बिहार के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। यह खुशी की बात है कि जापान की कई बड़ी कंपनियां बिहार में उद्योग एवं अन्य क्षेत्रों में निवेश करना चाहती हैं। उन्होंने सरकार की ओर से अपेक्षित सहयोग का भरोसा दिया।
मुलाकात के दौरान निको इंटरनेशनल को-ऑपरेशन फॉर कम्युनिटी डेवलपमेंट के प्रतिनिधि हागीहारा नोजोमू, मारी सकुराबा, बिहार फाउंडेशन के ओएसडी सुशील कुमार सहित जापान चैप्टर के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।