मुख्य समाचार

सुधा दूध, मिठाई एवं पनीर 11 नवंबर से हो जाएंगे महंगे

पटना। सुधा दूध एवं कई उत्पादों के मूल्य 11 नवंबर से बढ़ जाएंगे। दूध की कीमत में तीन से चार रुपए प्रतिलीटर की वृद्धि हो रही है। साथ ही सुधा की मिठाइयां, पनीर एवं टेट्रापैक दूध भी महंगे हो जाएंगे। घी, दही, लस्सी, मक्खन एवं फ्लेवर्ड मिल्क की दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।

मूल्य वृद्धि का निर्णय बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लि. (कॉम्फेड) की प्रोग्रामिंग कमिटी की बैठक में लिया गया। इसमें सभी दूध संघों के प्रबंध निदेशक उपस्थित थे। इससे पहले मूल्य वृद्धि फरवरी, 2021 में हुई थी।

दूध की नई दर : फूल क्रीम (एक लीटर 56 रुपए, आधा लीटर 28), स्टैंडर्ड (एक लीटर 49 रुपए, आधा लीटर 25), गाय (एक लीटर 46 रुपए, आधा लीटर 24), टोंड (एक लीटर 44 रुपए, आधा लीटर 23), डबल टोंड (एक लीटर 40 रुपए, आधा लीटर 21), टी स्पेशल (एक लीटर 43 रुपए, आधा लीटर 22) एवं टेट्रा पैक टोंड दूध (एक लीटर 66 रुपए)।   

पनीर एवं मिठाइयों की नई दर : पनीर 75 रुपए (200 ग्राम), मिल्क केक और पेड़ा 108 रुपए (250 ग्राम)।

कॉम्फेड ने दूध एवं अन्य उत्पादों की बढ़ी कीमतों की वजह दूध उत्पादकों से खरीद मूल्य में वृद्धि को बताया है। बाढ़ के बाद हरा एवं सूखा चारे की कीमत बढ़ने से दूध उत्पादकों को परेशानी हो रही थी। इसके अलावा डेयरी के संचालन व्यय (कच्चा माल, पैकिंग सामग्री एवं मानव बल) में बढ़े लागत भी मूल्य वृद्धि के कारण हैं।

बिहार में 11 नवंबर से दूध उत्पादकों को मिलने वाली नई दर गाय दूध के लिए उड़ीसा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, गुजरात, मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र के दूध महासंघों की दर से अधिक हो जाएगी। इसी तरह भैंस दूध के लिए हरियाणा, झारखंड, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु एवं मध्यप्रदेश से अधिक हो जाएगी ।

 


संबंधित खबरें