मुख्य समाचार

क्राइम के आंकड़े पहले से कम, नक्सली हिंसा की हो रही जांच

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में क्राइम के आंकड़े में पहले से कमी आई है। कुछ घटनाएं होती हैं, तो उन पर एक्शन होता है। बिहार में प्रशासन और पुलिस इस मामले में सक्रिय है। गया जिले में नक्सली हिंसा हुई है। इसकी पूरी जांच हो रही है। मुख्यमंत्री जनता का दरबार कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के बाद क्राइम का ग्राफ गिरा है। सड़क दुर्घटना में भी कमी आई है। पुलिस को कहीं कोई घटना होने पर नियमानुसार उसकी जांच और उचित कार्रवाई का निर्देश है।

शराबबंदी को लेकर 16 नवंबर को होने वाली समीक्षा बैठक पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में सभी जिलों से विस्तृत जानकारी ली जाएगी। बिहार में पांच अप्रैल, 2016 से शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद घटनाएं सामने आ रही हैं। अगर कहीं इसका उल्लंघन हो रहा है और स्थानीय स्तर पर इसमें किसी की भूमिका है, तो उस पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध शराब पीने से लोगों की मौत हो रही है। इसके बावजूद लोग संभल नहीं रहे हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा। शराबबंदी को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर जगह समाज में कुछ लोग गड़बड़ी करने वाले होते हैं। उनकी पहचान ओर कार्रवाई जरूरी है।

दीपावली के दौरान जहरीली शराब के सेवन से गोपालगंज, बेतिया, सीवान और मुजफ्फरपुर जिलों में 40 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए 16 नवंबर को विस्तृत समीक्षा बैठक करने जा रही है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सभी जिलों के प्रभारी मंत्री, राज्य के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे। डीएम एवं एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुडे़ रहेंगे।

 


संबंधित खबरें