पटना/नई दिल्ली। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला, 2021 (आईआईटीएफ) में बिहार पवेलियन को गोल्ड मेडल मिला है। प्रगति मैदान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बिहार की तरफ से यह पुरस्कार बिहार भवन की रेजिडेंट कमिश्नर पलका साहनी को दिया। सम्मान समारोह में उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के निदेशक अशोक सिन्हा भी मौजूद रहे।
बिहार ने छठी बार जीता मेडल : आईआईटीएफ में बिहार ने विगत सात वर्षों में छह बार गोल्ड मेडल हासिल किया है। 2021 से पहले बिहार को 2014, 2015, 2016, 2018 और 2019 में गोल्ड मेडल मिल चुका है। कोविड महामारी की वजह से 2020 में व्यापार मेले का आयोजन नहीं हो सका था। आईआईटीएफ 2021 का आयोजन 14 नवंबर से 27 नवंबर तक किया गया।
उद्योग मंत्री ने जाहिर की खुशी : बिहार को गोल्ड मेडल मिलने पर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान बिहार के हस्तशिल्पी और बुनकरों की मेहनत का परिणाम है। देश के कई राज्य और दूसरे देशों की प्रदर्शनी के बीच गोल्ड हासिल करना बिहार के लिए बड़ी बात है। 40वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 24 राज्यों की प्रदर्शनी लगी थी। कुछ प्रदर्शनी विदेशों से भी थी।
पवेलियन की खासियत : बिहार पवेलियन की खासियत यह रही कि यहां पर्यावरण अनुकूल चीजों का इस्तेमाल किया गया। दर्शकों को ऐसा महसूस हुआ कि वे बिहार के किसी मेले में पहुंच गए हैं। जहां एक ओर मधुबनी एवं मंजूषा पेंटिंग थी, वहीं दूसरी ओर भागलपुरी सिल्क साड़ी व सूट, भागलपुरी चादर, एप्लिक वर्क समेत हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम के बेहतरीन उत्पाद थे। इतना ही नहीं व्यापार मेले में बिहार के लोकप्रिय व्यंजन की भी झलक दिखी।