पटना। बिहार के लिए स्वीकृत इथेनॉल यूनिट लगाने की प्रक्रिया जारी है। कुछ यूनिट का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। राज्य सरकार कीे कोशिश है कि बिहार के लिए इथेनॉल का कोटा और बढ़े। विधान परिषद में प्रश्नकाल के दौरान उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने यह जानकारी दी।
सदस्य सर्वेश कुमार के बिहार में इथेनॉल उद्योग की स्थापना से संबंधित प्रश्न के जवाब में उद्योग मंत्री ने कहा बिहार इथेनॉल उत्पादन का हब बनने की राह पर आगे बढ़ रहा है। बिहार में पहले चरण में 17 इथेनॉल यूनिट लगेंगी। इनमें मुजफ्फरपुर में चार, नालंदा में चार, मधुबनी में दो, भागलपुर, बेगूसराय, नवादा, गोपालगंज, भोजपुर, पूर्णियां एवं बक्सर में एक-एक यूनिट लगेंगी।
बिहार के लिए पहले 18.50 करोड़ लीटर वार्षिक इथेनॉल आपूर्ति का कोटा निर्धारित किया गया था। बाद में इसे बढ़ाकर 35.28 करोड़ लीटर प्रतिवर्ष किया गया। इससे 17 इथेनॉल यूनिट की स्थापना के लिए रास्ता खुला।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और विधान परिषद सदस्य संजय पासवान के मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से जुड़े सवाल पर उद्योग मंत्री ने कहा कि योजना के लाभुकों का चयन पूरी पारदर्शिता से होगा। इसके लिए 62 हजार 324 आवेदन आए हैं। स्क्रूटनी की प्रक्रिया जारी है। पंचायत चुनाव खत्म होते ही चयन का काम पूरा हो जाएगा। इस योजना से बिहार के युवाओं को उद्यमी बनने का बढ़िया अवसर मिल रहा है।