मुख्य समाचार

एमएसएमई अभियान दल पहुंचा बिहार, पटना में होगी बैठक

पटना। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए राष्ट्रीय अभियान दल बक्सर पहुंचा। यह दल बिहार के कई जिलों का दौरा कर लोगों को एमएसएमई योजनाओं की जानकारी देगा।

बक्सर और आरा में उद्यमी, उद्योग विभाग के अधिकारी एवं जिले के युवाओं से मिलने के बाद यह दल पटना आएगा। दो दिसंबर को अभियान दल पाटलिपुत्र औद्योगिक प्रांगण स्थित कार्यालय में  संस्थान के निदेशक प्रदीप कुमार, बिहार उद्योग संघ, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़, लघु उद्योग भारती, बिहार महिला उद्योग संघ, पाटलिपुत्र उद्योग संघ, इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं अन्य उद्योग संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगा।

दो दिसंबर को ग्रामीण युवाओं के मार्गदर्शन के लिए पटना के जानीपुर गांव (फुलवारीशरीफ) एवं बालूचक में ग्रामश्री किसान हाट में अलग-अलग सभा की जाएगी। तीन दिसंबर को यह दल छपरा एवं चंपारण की यात्रा पर रवाना होगा। इसे उद्योग मंत्री शाहनवाज़ हुसैन हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

केंद्रीय अभियान दल को केंद्रीय एमएसएमई मंत्री नारायण तातु राणे ने 27 नवंबर को दिल्ली से रवाना किया था। अभियान दल पांच राज्य दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं बिहार की सड़क मार्ग से 3500 किलोमीटर की यात्रा कर रहा है।

 


संबंधित खबरें