मुख्य समाचार

नौ जिलों के पेयजल में सीमा से अधिक यूरेनियम

पटना/नई दिल्ली। बिहार के नौ जिलों के पेयजल में बीआईएस सीमा (0.03 मि.ग्रा/ली.) से अधिक यूरेनियम पाया गया है। ये जिले पूर्णिया, किशनगंज, मधेपुरा, बेगूसराय, खगड़िया, सारण, भभुआ, नवादा एवं शेखपुरा हैं। लोकसभा में जल शक्ति राज्यमंत्री बिश्वेश्वर टुडू ने सांसद राम कृपाल यादव और कौशलेंद्र कुमार के प्रश्न पर यह जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्रीय भूजल बोर्ड ने वर्ष 2019 में पहली बार बिहार सहित पूरे देश के लिए भूजल में यूरेनियम का मूल्यांकन किया था। इस मूल्यांकन के अनुसार बिहार के नौ जिलों में सीमा से अधिक यूरेनियम पाया गया।  

किडनी प्रभावित होने की आशंका : यूरेनियम की अधिक मात्रा से कैंसर और किडनी से जुड़ी बीमारियों के सवाल पर उन्होंने बताया कि इस विभाग ने कोई विशेष अध्ययन नहीं किया है, लेकिन विश्व में किए गए स्वास्थ्य अध्ययन बताते हैं कि पेयजल में अधिक यूरेनियम से किडनी में जहरीलापन आ सकता है।

पानी में आर्सेनिक की अधिक मात्रा पर जल शक्ति राज्य मंत्री ने बताया कि बीआईएस सीमा (0.01 मि.ग्रा./ली.) से अधिक आर्सेनिक बिहार के कई जिलों में देखा गया है। ये जिले मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बेगूसराय, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, कटिहार, खगड़िया, लखीसराय, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सिवान एवं वैशाली हैं।

 


संबंधित खबरें