पटना। विकास भवन में स्वास्थ्य विभाग के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। स्वास्थ्य विभाग का यह देश में पहला कमांड एंड कंट्रोल सेंटर है। इसके माध्यम से सभी स्वास्थ्य केंद्रों की मॉनिटरिंग, मेडिकल उपकरण सहित डाटा की निगरानी एवं उनके विश्लेषण किए जाएंगे।
पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मुजफ्फरपुर एवं नालंदा जिलों से इसकी शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जिला अस्पताल मुजफ्फरपुर के ओपीडी में डॉक्टर और मरीज से बात की और सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही नालंदा अस्पताल के ओपीडी का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लैंडलाइन टेलीफोन के जरिए मुख्यमंत्री सचिवालय एवं स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों में चिकित्सकों से बातकर जानकारी लेता था। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के शुरू होने से अब नई तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को और प्रभावी ढंग से क्रियान्वित एवं नियंत्रित किया जा सकेगा।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, बिल एंड गेट्स मिलिंडा फाउंडेशन के कंट्री हेड हरि मेनन, राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक अनिमेश कुमार पराशर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।