मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर की एक स्नैक्स फैक्ट्री में बॉयलर फटने से आठ श्रमिकों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं। हादसा रविवार की सुबह करीब नौ बजे हुआ। बेला इंडस्ट्रियल एरिया फेज टू स्थित फैक्ट्री का एक हिस्सा धमाके के बाद मलबे में तब्दील हो गया है। समीप की कई यूनिट को भी काफी नुकसान हुआ है। घायलों का एसकेएमसीएच में इलाज जारी है। एनडीआरएफ एवं पुलिस राहत कार्य में जुटी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपए का अनुग्रह अनुदान एवं अन्य लाभ देने की घोषणा की है। घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते उन्होंने जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पटना से अधिकारियों की टीम भेजी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेवार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घायलों के समुचित इलाज कराने का भी उन्होंने निर्देश दिया है।

अंशुल फूड्स कई तरह के स्नैक्स एवं नूडल्स का निर्माण करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस ठीक से नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ है। बॉयलर फटने का धमाका काफी तेज था। इसका अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के लोगों को भूकंप का एहसास हुआ। मलबे से कई शव क्षत-विछत स्थिति में मिले हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि, डीएम प्रणव कुमार एवं एसएसपी जयंतकांत ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया ।