मुख्य समाचार

बिहारिका में मकर संक्रांति की खास तैयारी, तिलकुट, चूरा-दही उपलब्ध

नई दिल्ली/पटना । नई दिल्ली स्थित बिहारिका में मकर संक्रांति की खास तैयारी है। यहां बिहार के अलग-अलग जिलों के विशेष खाद्य पदार्थों को शामिल किया गया है। इनमें गया का तिलकुट, भागलपुरी कतरनी चूरा, गुड़, मटकी दही, धनरुआ की लाई एवं मिथिला मखाना हैं।

मकर संक्रांति को लेकर बिहार से 300 किलो कतरनी चूरा, 100 किलो कतरनी चावल, 50 किलो गुड़ और गया का खास्ता तिलकुट बिहार भवन भेजा गया है। सभी सामान 14 जनवरी तक यहां उपलब्ध हैं। बिहारिका चाणक्यपुरी स्थित बिहार निवास में है। यहां बिहार के हस्तशिल्प और हथकरघा निर्मित उत्पादों का खास संग्रह है।    

बिहार निवास की स्थानिक आयुक्त पलका साहनी ने बताया कि दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए हमने यह पहल की है। कतरनी चूरा एवं चावल की भागलपुर जिले के साथ पूरे देश में भारी मांग है। कतरनी चावल का सुगंध और स्वाद प्रकृति का उपहार है।

बिहारिका में गया का तिलकुट, मटकी वाली दही एवं धनरुआ निर्मित खोये और रामदाने की लाई भी उपलब्ध है। स्थानिक आयुक्त का कहना है कि बिहार के पकवानों की दिल्ली में काफी मांग है। देश-विदेश तक तिलकुट, लाई और खाजा को पसंद किया जाता है। आने वाले समय में दिल्ली में बिहार के प्रसिद्ध व्यंजन उपलब्ध होंगे।

बिहारिका दिल्ली में रहने वाले बिहारवासियों को बिहार से जोड़ने का एक माध्यम है। साथ ही बिहार के कारीगर, बुनकर और किसानों के दूर रहते हुए भी आर्थिक रूप से सहयोग करने का एक जरिया भी है।

 

 


संबंधित खबरें