पटना। बिहार को कुछ दिनों से प्रतिदिन चार से पांच रैक यूरिया मिलना शुरू हो गया है। जनवरी माह में 2.20 लाख मीट्रिक टन यूरिया की जरूरत है। इसके विरुद्ध केंद्र सरकार ने दस दिनों में 1.12 लाख मीट्रिक टन आपूर्ति की है।
कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अक्टूबर से दिसंबर, 2021 तक बिहार को आवश्यकता से कम उर्वरक मिला है। इस कारण किसानों को काफी परेशानी हुई। मुख्यमंत्री ने समाधान के लिए दिसंबर माह में केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री से बात की। इसके बाद बिहार में उर्वरकों की आपूर्ति बढ़ायी गयी। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने आश्वस्त किया है कि प्राथमिकता के आधार पर बिहार को सभी उर्वरक की आपूर्ति की जाएगी।
बिहार के उन जिलों में जहां रबी फसल की बुआई देर से शुरू हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर उर्वरक की आपूर्ति की जा रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में जीरो टॉलरेंस नीति का पालन किया जा रहा है। किसानों को सही मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश है। किसी प्रकार की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 0612-2233555 पर कर सकते हैं।