मुख्य समाचार

सिल्क मिल के 352 कर्मियों को मिली 15.60 करोड़ बकाया राशि

भागलपुर। बिहार स्पन सिल्क मिल के 352 कर्मियों को 25 साल से बकाया वेतन की दूसरी किस्त के रूप में 15.60 करोड़ राशि मिली है। उद्योग मंत्री शाहनवाज़ हुसैन ने भागलपुर के रेशम भवन में एक कार्यक्रम के दौरान कर्मियों के वर्ष 1997 से 2005 तक लंबित वेतन की राशि जारी की। इसके साथ ही उन्होंने भागलपुर वासियों को कई योजनाओं का भी तोहफा दिया।

कार्यक्रम का आयोजन बिहार राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड ने किया था। बिहार स्पन सिल्क मिल राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड की इकाई है। कोविड निर्देशों के तहत कार्यक्रम में मात्र 30 कर्मचारियों को सांकेतिक रूप से चेक दिया गया। औद्योगिक विकास निगम ने कर्मचारियों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

रेशम भवन में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि हम नए उद्योगों को लगाने के साथ पुरानी समस्याओं के समाधान में भी लगे हुए हैं। अभी 352 कर्मियों को आठ साल के बकाया वेतन के रूप में 15.60 करोड़ राशि दी गई है। उनके वेतन की शेष राशि भी शीघ्र जारी की जाएगी।

बिहार स्पन सिल्क मिल के बकाया वेतन के भुगतान के लिए करीब 42 करोड़ राशि दी जानी है। इनमें 16.15 करोड़ राशि दो किस्त में वितरित की गई है। इससे पहले अगस्त 2021 में छह माह के वेतन मद में 55 लाख और 23 जनवरी, 2022 को आठ साल के एकमुश्त वेतन मद में 15.60 करोड़ राशि दी गई।

उद्योग मंत्री ने भागलपुर के लिए कई योजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भागलपुर में 40.10 करोड़ की लागत से बनने वाले सिपेट के वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके निर्माण के लिए प्रक्रिया तेजी से बढ़ रही है।

भागलपुर में बुनकरों की सुविधा के लिए डिजाइन स्टूडियो तैयार हो चुका है। इसका शीघ्र उद्घाटन होगा। इसके साथ करीब चार करोड़ की लागत से एक नया डाइंग हाउस शुरू करने का प्रस्ताव भी बढ़ाया गया है।

उन्होंने कहा कि नाथनगर स्थित राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के जीर्णाेद्धार के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया था। इसे मुख्यमंत्री की तरफ से मंजूरी मिल गई है। सौ करोड़ से अधिक राशि से पुराने आयुर्वेदिक कॉलेज का जीर्णाेद्धार होगा। एनएच 80 के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण का काम तेजी से हो रहा है।

भागलपुर और बांका के 722 बुनकरों को दस-दस हज़ार की कार्यशील पूंजी दी जा चुकी है। कुछ और बुनकरों को कार्यशील पूंजी दी जाएगी। भागलपुर के लोदीपुर में बुनकरों के लिए एक क्लस्टर पहले से स्वीकृत हैं। 10 करोड़ की लागत से अन्य कई क्लस्टर भी शीघ्र शुरू किए जाएंगे।

भागलपुर के विधायक अजीत शर्मा ने भी अपने विचारों को रखा। इस मौके पर बिहार राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध निदेशक दिलीप कुमार एवं जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक संजय कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।


संबंधित खबरें