पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट का स्वागत किया है। अपनी प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि बजट संतुलित एवं सकारात्मक है। पिछले दो वर्षों से देश का विकास कोरोना के कारण प्रभावित रहा है। इन विषम परिस्थितियों से निकलने के लिए केंद्र सरकार ने अपने बजट के माध्यम से कई सराहनीय कदम उठाए हैं। संतुलित बजट पेश करने के लिए मैं केंद्र सरकार को बधाई देता हूं।
देश में बड़े पैमाने पर आधारभूत संरचना के निर्माण का निर्णय भी स्वागत योग्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से गंगा के दोनों किनारों के 13 जिलों में जैविक कोरिडोर विकसित कर रही है। केंद्रीय बजट में गंगा के किनारे पांच किलोमीटर के दायरे में प्राकृतिक खेती का कॉरिडोर विकसित करने का निर्णय सराहनीय है।
बजट में धान एवं गेहूं की खरीद बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों को काफी लाभ होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 80 लाख नए आवास बनाने की घोषणा हुई है। यह स्वागत योग्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकारों को केंद्रीय करों की हिस्सेदारी के रूप में इस वर्ष एवं अगले वर्ष अधिक राशि मिलेगी। इससे राज्य सरकारों की वित्तीय कठिनाइयां कम होंगी।