मुख्य समाचार

मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने का निर्णय सराहनीय

पटना। कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों को केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है। 2023 को मोटा अनाज वर्ष घोषित किया गया है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। इसी प्रतिबद्धता के तहत धान और गेहूं की खरीद लक्ष्य को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

जैविक खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार रसायन और कीटनाशकमुक्त खेती करने पर जोर दे रही है। गंगा के किनारे पांच किलोमीटर के दायरे में रसायन मुक्त प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को डिजिटल और हाईटेक सेवाएं देने के लिए पीपीपी मॉडल में योजना शुरू की जाएगी। फसलों का आकलन, जमीन दस्तावेजों का डिजिटलाइजेशन एवं ड्रोन के प्रयोग को बढ़ावा देने की घोषणा बजट में की गई है।

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार एवं इसे रोजगारपरक बनाने की दिशा में भी काम किए जाएंगे । कृषि पाठ्यक्रमों में बदलाव होगा। इससे छात्र आधुनिक और जीरो बजट खेती के बारे में बेहतर तरीके से अध्ययन कर सकेंगे। भारतीय रेल छोटे किसान और लघु तथा मध्यम उद्यम के लिए एक कुशल तंत्र विकसित करेगा।

 


संबंधित खबरें