मुख्य समाचार

विधि-व्यवस्था सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता : सीएम

पटना। विधि-व्यवस्था राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की कोताही नहीं हो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपराध अनुसंधान कार्य में तेजी लाएं और इसे समय पर पूरा करें। इससे दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई हो सकेगी। पेट्रोलिंग में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। वरीय पदाधिकारी इसकी मॉनिटरिंग करते रहें।

मुख्यमंत्री एक अणे मार्ग स्थित लोक संवाद में विधि-व्यवस्था एवं मद्य निषेध के क्रियान्वयन से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने जमीन संबंधित विवाद को खत्म करने के लिए समय-समय पर बैठक करने, वरीय अधिकारियों को रात्रि गश्ती एवं अन्य विधि-व्यवस्था से संबंधित कार्यों के औचक निरीक्षण का भी निर्देश दिया।

राजधानी पटना में शराबबंदी के क्रियान्वयन पर विशेष नजर रखने, जब्त शराब को शीघ्र नष्ट एवं विशेष लोक अभियोजकों के कार्यों की समीक्षा करने का भी उन्होंने निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शराबबंदी से बिहार के लोगों को काफी फायदा हो रहा है। राज्य में शराबबंदी के बाद दूध, सब्जी, मिठाई एवं फल की खपत बढ़ी है। नीरा उपयोगी है। इसे प्रचारित करें और इसके उत्पादन को बढ़ाने के लिए तेजी से काम करें।

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई का ब्योरा दिया। पुलिस मुख्यालय, विशेष शाखा एवं विधि व्यवस्था के एडीजी ने भी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में मुख्य सचिव एवं डीजीपी समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकरी मौजूद थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, रेंज के आईजी एवं डीआईजी, डीएम एवं एसपी जुड़े हुए थे।

 


संबंधित खबरें