पटना। उद्योेग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पिछले एक साल में बिहार में उद्योगों की स्थापना के लिए 38 हजार 906 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव आए हैं। 87 नए उद्योग खुले हैं। चार इथेनॉल यूनिट से उत्पादन शुरू होने वाला है। बिहार के उद्योग मंत्री के रूप में एक साल पूरा होने पर शाहनवाज हुसैन ने यह जानकारी दी। इस मौके पर उद्योग संवाद पत्रिका का भी विमोचन किया गया। पत्रिका में उद्योग मंत्री के एक साल के काम का ब्योरा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में सिर्फ इथेनॉल यूनिट की स्थापना के लिए 30 हजार 382 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव आए हैं। एक साल में 17 इथेनॉल यूनिट की स्थापना के लिए काम शुरू हुआ है। चार इथेनॉल यूनिट का उद्घाटन बहुत जल्द होगा और बाकी इथेनॉल यूनिट भी शुरू होगी।
मुख्यमंत्री उद्यमी योजनाओं के तहत 16000 नए लाभुकों का चयन कर लिया गया है। अब इन्हें अपना उद्यम शुरू करने के लिए राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उद्योेग मंत्री ने कहा कि खादी और हैंडलूम के क्षेत्र में भी बिहार आगे बढ़ रहा है। बुनकर और कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए मेले लगाए जा रहे हैं। भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में बिहार को पहला पुरस्कार मिला।
भागलपुर में मंजूषा महोत्सव, पटना में नेशनल हैंडलूम एक्सपो, वाणिज्य उत्सव और दूसरे जिलों में बड़े-बड़े मेले लगाए गए। बिहार में बड़े निवेश के लिए चंडीगढ़, हैदराबाद, भीलवाड़ा, मुंबई, कोलकाता एवं नई दिल्ली समेत कई शहरों का दौरा कर बड़े निवेशकों के साथ संवाद किया गया।
उन्होंने कहा कि बरौनी में पेप्सी का बॉटलिंग प्लांट लगभग तैयार है। 557 करोड़ की लागत से तैयार यह उद्योग बहुत जल्द उत्पादन शुरू करने की स्थिति में है। कार्यक्रम में उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के निदेशक आलोक कुमार, उद्योग विभाग के विशेष सचिव दिलीप कुमार और उद्योग निदेशक रूपेश कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।