पटना। मुंबई के नेहरू सेंटर में आयोजित वर्ल्ड जैविक एक्सपो में बिहार के जैविक उत्पादों को विशिष्ट पुरस्कार मिला है। जैविक खेती को प्रोत्साहन के लिए आयोजित इस एक्सपो में बिहार जैविक कॉरिडोर योजना से लाभान्वित 15 किसान शामिल हुए। एक्सपो (4-6 मार्च) में सात देश, भारत के 13 राज्य और जैविक खेती से जुड़े सैकड़ों संस्थान भाग ले रहे हैं। इसमें बिहार के जैविक उत्पादों को श्रेष्ठ घोषित किया गया।
पूर्वी अफ्रीका के बुरुंडी गणराज्य की राजदूत स्टेला बुदिरिगन्या और मॉरीशस गणराज्य के प्रतिनिधि सीराज नंदलाल ने प्रदर्शनी में बिहार स्टॉल का दौरा किया। उन्होंने जैविक कॉरिडोर के किसानों को उनके उत्पादों के लिए सराहना की।
कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बिहार के जैविक उत्पादों को विशिष्ट पुरस्कार मिलने पर किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार देश में जैविक खेती करने वाले राज्यो में अग्रणी होगा ।
कृषि सचिव डॉ एन. सरवण कुमार ने कहा कि बिहार के जैविक उत्पादों को पुरस्कार मिलने से बिहार में उगाई जाने वाली विशिष्ठ उत्पादों को एक पहचान मिली है। इससे जैविक खेती से जुड़े किसानों को प्रोत्साहन मिलेगा ।