नई दिल्ली/पटना। पूरे देश के लिए एक बिजली दर यानी वन नेशन वन टैरिफ लागू करने की मांग राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने की है। राज्यसभा में शून्य काल के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार के पास बिजली उत्पादन करने के लिए आवश्यक कोयला या अन्य संसाधन नहीं है। बिहार को अपनी आवश्यकता की बिजली केंद्रीय उर्जा संयंत्र या राज्य के बाहर से खरीदनी पड़ती है।
बिहार की औसत बिजली खरीद दर पड़ोसी राज्य झारखंड एवं उड़ीसा से अधिक होने के साथ गुजरात एवं महाराष्ट्र जैसे ऊर्जा उत्पादक राज्यों से भी काफी अधिक है। इस कारण बिहार के उपभोक्ताओं को ऊंचे मूल्य पर बिजली की आपूर्ति करनी पड़ रही है।
मोदी ने कहा कि देश के सभी राज्यों को एक ही मूल्य पर बिजली की आपूर्ति की व्यवस्था बने। एक देश एक टैक्स एवं एक देश एक राशन कार्ड के तर्ज पर देश में एक बिजली दर लागू हो ताकि कोयले एवं प्राकृतिक संसाधनों के आभाव में बिहार के उपभोक्ताओं की ऊंची दर पर बिजली का भुगतान नहीं करना पड़े।
