मुख्य समाचार

स्टार्टअप, उद्यमी व उद्योग बिहार की नई पहचान : शाहनवाज

पटना। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार स्टार्टअप्स से पहचाना जाएगा। उद्यमी और उद्योग से बन रहा है नया बिहार। हर तरफ जहां उद्योग की चर्चा है, वह है आज का बिहार। उद्योग मंत्री ज्ञान भवन में बिहार उद्यमी संघ के नौवें सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा एवं भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद रहे।

उद्योग मंत्री ने कहा कि पूरे देश में स्टार्टअप्स की मजबूती के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। बिहार में भी स्टार्टअप्स के लिए बेहतरीन इकोसिस्टम बनाने के लिए सरकार प्रयत्नशील है। शीघ्र बिहार स्टार्टअप्स का हब बनेगा। औद्योगिक, समर्थ एवं सशक्त बिहार बनाने के लिए यह जरूरी है।  

बिहार में स्टार्ट-अप्स को बढ़ावा देने के लिए बिहार स्टार्टअप पॉलिसी 2017 क्रियान्वित है। इसके तहत होनहार युवा उद्यमियों की मदद की जा रही है। बिहार में हर तरफ उद्योग का माहौल हो, इसके लिए हर प्रयास किए जा रहे हैं।

उद्योग मंत्री ने कहा कि हाल में बिहार की ओर से पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए प्रारंभिक परियोजना प्रस्ताव वस्त्र मंत्रालय को सौंपा गया है। इसके लिए पश्चिमी चंपारण के बगहा अंचल, मधुबनी एवं भितहां अंचल में धनहा-रतवल पुल के समीप 1719 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है। अगर मेगा टेक्सटाइल पार्क बिहार को मिला, तो बिहार का भविष्य संवर जाएगा।

महत्वाकांक्षी पीएम गति शक्ति योजना का भी लाभ उठाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। कटिहार के बथनाहा में एक कार्गाे टर्मिनल स्वीकृत हो चुका है औऱ भरोसा मिला है कि जरूरत के हिसाब से बिहार को और पीएम गति शक्ति कार्गाे टर्मिनल मिलेंगे।

भवन निर्माण मंत्री : मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि बिहार ज्ञान की भूमि है। बिहार के युवा इनोवेटिव हैं। इसमें कोई शक नहीं है। जरूरत बस इतनी है कि वे बिहार को अपने नए उद्यम के लिए चुनें और यहां नई शुरुआत करें। बिहार उद्योग क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए तैयार है और इस वक्त यहां स्टार्टअप्स के लिए बेहतरीन माहौल है।

इस अवसर पर बिहार उद्यमी संघ के अध्यक्ष पंकज सिंह, सचिव अभिषेक सिंह, उपाध्यक्ष जितेश कुमार एवं कृष्ण कुमार, कोषाध्यक्ष सचिन गिरि, कटिहार शाखा के जिलाध्यक्ष अविनाश कुमार, टीसीएस के सेंटर हेड रवि खोली, कोड बकेट स्टार्टअप के दिव्यम, सिटीस्केप स्टार्टअप के मनोज, विभिन्न स्टार्टअप के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ एवं युवा उद्यमी भी उपस्थित रहे।

 

 


संबंधित खबरें