मुख्य समाचार

बिहार पर्यावरण संरक्षण में देश से तीस साल आगे : अतुल बगई

नई दिल्ली। पर्यावरणविद् अतुल बगई ने कहा कि बिहार पर्यावरण संरक्षण के मामले में देश से तीस साल आगे है। भारत ने अपने कार्बन उत्सर्जन को 2070 तक नेट-जीरो करने का लक्ष्य रखा है, लेकिन बिहार अपने कार्बन उत्सर्जन को 2040 तक ही नेट-जीरो करने की योजना बना रहा है। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए जल-जीवन-हरियाली जैसा बड़ा अभियान शुरू करने वाला बिहार देश का पहला राज्य है।

यूनाइटेड नेशन एनवायर्नमेंट प्रोग्राम के भारत प्रमुख अतुल बगई बिहार दिवस के अवसर पर दिल्ली के कांस्टिट्यूशन क्लब में बिहार का गौरवशाली अतीत एवं वर्तमान में विकास के पथ पर अग्रसर बिहार पर आयोजित परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। परिचर्चा का आयोजन बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने किया था। राज्य सरकार के मंत्री संजय कुमार झा परिचर्चा में मौजूद रहेे।

पर्यावरणविद् अतुल बगई ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ग्लोबल क्लाइमेट लीडर कहा गया और जल-जीवन-हरियाली अभियान को दुनिया के लिए पथ-प्रदर्शक माना गया। नवंबर 2019 में बिहार दौरे पर आए बिल गेट्स ने भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री के विजन तथा जल-जीवन-हरियाली अभियान की तारीफ की थी।

दिसंबर 2021 में पटना में हुई एक मीटिंग में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कार्बन उत्सर्जन के मामले में बिहार को 2040 तक नेट जीरो करने के लिए एक कारगर नीति बनाएं। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत 11 बिंदुओं पर आधारित कार्ययोजना तैयार कर उसे राज्यभर में मिशन मोड में लागू किया जा रहा है। इसके तहत जल संसाधनों को पुनर्जीवित किया जा रहा है और हर साल करोड़ों की संख्या में पेड़ लगाए जा रहे हैं। अभियान पर चरणबद्ध तरीके से 24,524 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना है।

सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत एक अव्यव है जल के अधिशेष वाले क्षेत्र से जल को जल संकट वाले क्षेत्र में ले जाना। इसके तहत बिहार में गंगा जल आपूर्ति योजना का पहली बार कार्यान्वयन किया जा रहा है। इसे पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण चार शहर गया, बोधगया, राजगीर और नवादा में पहुंचाया जाएगा।

सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सीके मिश्रा, जेएनयू में एसोसिएट प्रोफेसर अमिताभ सिंह और सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक कंवल तनुज ने भी अपने विचारों को रखा।

 


संबंधित खबरें