मुख्य समाचार

बिहार में टेक्सटाइल व अन्य उद्योगों को मिलेगी पूरी मदद : पीयूष गोयल

नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग एवं कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि बिहार में टेक्सटाइल पार्क व अन्य उद्योगों को लगाने में केंद्र सरकार पूरी मदद करेगी। बिहार में अपार संभावनाएं हैं और कुछ कर दिखाने का जुनून है। पीयूष गोयल बिहार दिवस के मौके पर दिल्ली हाट में आयोजित बिहार उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार की क्षमता का अभी भी सही मायने में इस्तेमाल नहीं हुआ है। परिवर्तन का बिगुल जब-जब बजा है, वह बिहार से ही शुरू हुआ है। बिहार अब उद्योग और टेक्सटाइल के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा। बिहार की क्षमता को अभी भी पूरी दुनिया ने ठीक से नहीं पहचाना है। लीची और आम देश के साथ अब दुनिया में भी पहुंच रहा है। रेलवे स्टेशन पर मधुबनी पेंटिंग आप देख सकते हैं। इससे सुंदर और क्या हो सकता है।

बिहार उत्सव कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गिरिराज सिंह, आर.सी.पी सिंह एवं अश्विनी कुमार चौबे एवं राज्य के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी ने अपने विचारों को रखा।

बिहार सरकार के उद्योग विभाग ने दिल्ली हाट में 16 मार्च से 31 मार्च  तक बिहार उत्सव प्रदर्शनी का आयोजन किया है। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार दिवस समारोह भी आजादी के अमृत महोत्सव के तर्ज पर हो रहा है। इस वर्ष बिहार दिवस का विषय जल-जीवन-हरियाली पर आधारित है।

अमृतसर-कोलकाता कॉरिडोर में स्थित चंपारण में मेगा टेक्सटाइल मैत्री पार्क के लिए 1719 एकड़ जमीन का आवंटन हो चुका है। मेगा औद्योगिक पार्क के निर्माण से बिहार पूर्वांचल भारत के औद्योगिक हब के रूप में अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है।

बिहार उत्सव के उद्घाटन के बाद गायक एवं सांसद मनोज तिवारी ने अपने गीतों से लोगों का उत्साहवर्धन किया। सांस्कृतिक संध्या में लोक गायिका विजया भारती एवं स्वर्णिम कलाकेंद्र मुजफ्फरपुर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया।

 

 


संबंधित खबरें