नई दिल्ली/पटना। राज्यसभा में विशेष उल्लेख के तहत सांसद सुशील कुमार मोदी ने व्यापारियों की परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने व्यापारियों के लिए दुर्घटना एवं व्यापार बीमा, खुदरा व्यापार नीति एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की मांग की।
मोदी ने कहा कि देश में खुदरा दुकानदार एवं व्यापारियों की संख्या पांच करोड़ से अधिक है। ये करोड़ों लोगों को रोजगार देते हैं। देश के जीडीपी में इनका 12 प्रतिशत योगदान है। इन व्यापारियों को जहां एक और ई-कॉमर्स कंपनियों से मुकाबला करना पड़ रहा है, वहीं बैंकों से सस्ता कर्ज, भंडारण, ट्रांसपोर्ट, व्यवसाय शुरू करने और चलाने में दर्जनों कानून एवं लाइसेंस प्रक्रियाओं से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
दुर्घटना, मृत्यु, व्यवसाय में चोरी एवं आगजनी से भी किसी प्रकार की सुरक्षा नहीं है। केंद्र सरकार ने 26 जुलाई, 2019 को राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की अधिसूचना जारी की थी, लेकिन आज तक उसका गठन नहीं हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि अविलंब राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन एवं खुदरा व्यापार नीति लागू की जाए।