पटना। ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट्स योजना के तहत देश के 112 आकांक्षी जिलों (एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट) में कटिहार को पहला स्थान मिला है। गया, मुजफ्फरपुर एवं खगड़िया क्रमशः दूसरे, तीसरे एवं सातवें स्थान पर हैं। नीति आयोग की जारी देश के 112 जिलों की रैंकिंग में बिहार के 13 जिले हैं।
अन्य जिलों में पूर्णिया (14वां रैंक), सीतामढ़ी (19), बेगूसराय (48), शेखपुरा (54), जमुई (56), अररिया (57), नवादा (64), औरंगाबाद (80) एवं बांका ( 89 रैंक) शामिल हैं। केंद्र सरकार ने विकास की दौड़ में पीछे छूट गए देश के पिछड़े जिलों के विकास के लिए जनवरी, 2018 में ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट्स योजना शुरू की थी।
डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने संबंधित जिला पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कुशल नेतृत्व के साथ अधिकारियों की मेहनत का प्रतिफल है। फरवरी माह की रैंकिंग में बिहार के चार जिले अंडर-10 में रहे हैं। यह एक अच्छी उपलब्धि है। आने वाले महीनों में अन्य जिले भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
देश के पिछड़े जिलों में विकास की गति तेज करने के लिए नीति आयोग ने स्वास्थ्य और पोषण, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास, मूलभूत आधारभूत संरचना सूचकांकों पर संचालित कार्यों में गति प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत बिहार के 13 जिलों में कार्य चल रहा है।
फरवरी 2022 की डेल्टा रैंकिंग में कटिहार जिला ने 55.9 का कंपोजिट स्कोर हासिल कर देश में पहला स्थान पाया है। कटिहार जिला को हेल्थ और न्यूट्रिशन के सूचकांक पर 73 अंक मिला है।