मुख्य समाचार

बिहार की पहली इथेनॉल यूनिट का शुभारंभ करेंगे सीएम

पटना। देश के पहले ग्रीनफील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल उत्पादन इकाई का शुभारंभ 30 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। पूर्णिया में 105 करोड़ की लागत से ईस्टर्न इंडिया बायोफ्यूल्स की इथेनॉल यूनिट लगी है। यह यूनिट रिकॉर्ड एक साल में तैयार हुई है। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने यह जानकरी दी।

उन्होंने बताया कि पूर्णिया के अलावा गोपालगंज में दो और आरा में एक इथेनॉल यूनिट बनकर तैयार है। इसका भी शीध्र उद्घाटन होगा। मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में कई यूनिट ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी उद्योग के क्षेत्र में काफी हलचल है।

बिहार में पहली बार लगे सिल्क मार्क एक्सपो के शुभारंभ के मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार में छोटे-बड़े सभी उद्योग साथ-साथ बढ़ रहे हैं। बिहार के पारंपरिक उद्योग हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट्स की भी हमें चिंता है। सिल्क मार्क एक्सपो प्योर सिल्क को बढ़ावा देकर सिल्क उत्पादकों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की कोशिश है। एग्जीविशन रोड स्थित होटल पाटलिपुत्र एग्जॉटिका में एक्सपो का आयोजन एक मई तक किया गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय रेशम बोर्ड की मदद से भागलपुर में कोकून बैंक का निर्माण होगा और तसर वेट रीलिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। इसकी अनुमानित राशि करीब चार करोड़ है। भागलपुर में तसरवेट रीलिंग की स्थापना से बड़ी मात्रा में कोरियन सिल्क के आयात में कमी आएगी।

 


संबंधित खबरें