नई दिल्ली। बिहार इन्वेस्टर्स मीट 2022 में देश की 170 कंपनियों ने शिरकत की। इनमें 30 बड़ी कंपनियां शामिल रहीं। अडानी, लुलु ग्रुप, आईटीसी, एचयूएल, कोका कोला, अमेजन, फ्लिपकार्ट, सैमसंग, अमूल, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, पातंजलि, ऊषा मार्टिन, होंडा, एलएंडटी, अरविंद मिल्स, टाटा ब्लूस्कोप, केईआई इंडस्ट्रीज, श्री सीमेंट एवं अंबुजा समेत कई बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने इन्वेस्टर्स मीट में शामिल होकर इसे सफल और ऐतिहासिक बनाया।
दिल्ली के होटल ताजमान सिंह में आयोजित बिहार इन्वेस्टर्ट मीट 2022 में अडानी, लुलु ग्रुप एवं आईटीसी समेत कई बड़ी कंपनियों ने बिहार में बड़े निवेश की घोषणा की।
अडानी ग्रुप : अडानी एंटरप्राइजेज के निदेशक और एमडी प्रणव अडानी ने कहा कि बिहार तेजी से इन्वेस्टेमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। अडानी ग्रुप की तरफ से शीघ्र एक प्रतिनिधिमंडल निवेश की संभावनाओं को देखने के लिए बिहार जाएगा।
लुलु ग्रुप इंटरनेशनल : दुबई से दिल्ली पहुंचे लुलु ग्रुप इंटरनेशनल के चेयरमैन और एमडी एमए युसूफ अली ने कहा कि बिहार पूर्वाेत्तर भारत में बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बनने के लिए अऩुकूल माहौल बनाने में सफल रहा है। उन्होंने ऐलान किया कि बिहार में लुलु ग्रुप फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश करेगा। साथ ही शॉपिंग मॉल भी बनाएगा।
आईटीसी : आईटीसी के चेयरमैन और एमडी संजीव पुरी ने कहा कि बिहार से आईटीसी का गहरा रिश्ता है। आईटीसी बिहार में 100 साल से मौजूद है। आने वाले दिनों में यह रिश्ता और मजबूत होगा। अभी बिहार में आईटीसी के नौ प्लांट हैं। आऩे वाले दिनों में आईटीसी बिहार में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश को और बढ़ाएगा।
बिहार इन्वेस्टर्स मीट का शुभारंभ डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने किया। इस मौके पर बिहार के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधानसचिव डॉ. एस सिद्दार्थ, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक एवं राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।