मोतिहारी। रक्सौल में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) की चौथी राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला (फूड लैब) पांच जून से शुरू हो गई। प्रयोगशाला का उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने किया। इस मौके पर नेपाल के कृषि एवं पशुपालन मंत्री महेंद्र राय यादव, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल भी मौजूद रहे।
रक्सौल से पहले नेशनल फूड लैब कोलकाता, गाजियाबाद एवं मुंबई में कार्यरत है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस खाद्य प्रयोगशाला से कारोबार में सुविधा होगी। भारत और नेपाल के बीच होने वाले ट्रेड को भी बढ़ावा मिलेगा।
रक्सौल प्रयोगशाला में सिर्फ पंद्रह मिनट में खाद्य पदार्थों की जांच होगी। पहले जांच में दो से तीन सप्ताह लगते थे। इससे पहले बिहार जांच के लिए कोलकाता पर निर्भर था। शुरू में अनाज, फल, सब्जी, तेल एवं पेय पदार्थों की जांच की जाएगी। इसके बाद पूरे राज्य के नमूनों की जांच होगी। सर्टिफिकेट जल्दी मिलने से कारोबार करना सुगम होगा।