मुख्य समाचार

गांधी सेतु के पूर्वी लेन का गडकरी ने किया लोकार्पण

पटना। महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन के सुपर स्ट्रक्चर रिप्लेसमेंट परियोजना का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया। इसके बाद हाजीपुर से 13,585 करोड़ की लागत से 15 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का रिमोट के जरिए लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि महात्मा गांधी सेतु बिहार की जीवनरेखा है। इस सुपर स्ट्रक्चर रिप्लेसमेंट परियोजना से महात्मा गांधी सेतु पार करने का समय दो घंटे से घटकर अब पांच से दस मिनट का हो जाएगा। इसके अलावा अन्य परियोजनाओं से भी समय और ईंधन की बचत होगी। राज्य में उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगी। इससे बिहार में खुशहाली और तरक्की की नई राह खुलेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2024 से पहले बिहार की सड़कों का नेटवर्क अमेरिका जैसा होगा। जरूरत हुई, तो बिहार में डबल डेकर पुल भी बनेगा। इथेनॉल के क्षेत्र में बिहार काफी प्रगति करेगा। इसका लाभ किसानों को भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी सेतु के लोकार्पण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बधाई देते हुए कहा कि आज नवीकृत महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी भाग का लोकार्पण किया गया है। एक वर्ष पहले इसके पश्चिमी भाग का लोकार्पण हुआ था। सेतु के कंक्रीट भाग को रिप्लेस कर सुपर स्ट्रक्चर का काम किया गया है। बिहार में गंगा नदी पर पहले चार पुल बना था। अब इस पर 17 पुल बन रहा है। गांधी सेतु के समानांतर भी फोरलेन पुल बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महात्मा गांधी सेतु का निर्माण कार्य वर्ष 1972 में शुरू हुआ था। 1982 में इसके पश्चिमी लेन और 1987 में पूर्वी लेन का निर्माण कार्य पूरा हुआ। वर्ष 1991 से ही पुल के कमजोर होने और इसे ठीक करने की बात चल रही थी। 2014 में गांधी सेतु को लेकर गठित स्थायी समिति ने यह तय किया था कि नए तरीके से इसे बनाया जाए। इसके बाद 15 जून 2017 से इस पर काम शुरू किया गया।

कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, पशुपति कुमार पारस, अश्विनी कुमार चौबे एवं नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन एवं सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी संबोधित किया।

 


संबंधित खबरें