पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिवेशन भवन में इन्वेस्टर्स मीट सह बिहार टेक्सटाइल एवं लेदर पॉलिसी 2022 का लोकार्पण किया। इस मौके पर रूपा एंड कंपनी के अध्यक्ष विकास अग्रवाल, टीटी लिमिटेड के एमडी संजय कुमार जैन, काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट के चेयरमैन संजय लिखा एवं अन्य दिग्गज मौजूद रहे। इस दौरान ‘उद्योग संवाद’ पत्रिका का भी विमोचन किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी निवेशकों को आश्वस्त करती है कि उद्योग लगाने में हर संभव मदद दी जाएगी। आपके सुझावों पर भी सरकार विचार करेगी।
उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन काफी मेहनत कर रहे हैं। लोगों से मिलकर बिहार में उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसका नतीजा है कि अब इन्वेस्टर बिहार आ रहे हैं। बिहार का अतीत गौरवशाली रहा है। बिहार को और आगे बढ़ाने में आप सभी मदद कीजिए।
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से कहा जमीन उपलब्ध कराने के साथ राशि की भी मदद सरकार करेगी ताकि बिहार में उद्योग तेजी से लग सके। इससे स्थानीय लोगों को यहीं पर काम मिल जाएगा और उन्हें बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

निवेशकों को मिलेंगी ये सुविधाए : बिहार टेक्सटाइल एवं लेदर पॉलिसी, 2022 से बिहार में उद्योग लगानेवाले निवेशकों को काफी लाभ होगा। नई पॉलिसी के तहत प्लांट एवं मशीनरी के लिए पूंजी निवेश पर लागत का 15 प्रतिशत अनुदान एवं अधिकतम 10 करोड़ रुपए तक की मदद दी जाएगी।
बिजली शुल्क अनुदान दो रुपए प्रति यूनिट किया गया है। उद्योग में कार्यरत कर्मी को पांच हजार रुपए प्रति माह की दर से पांच वर्षों के लिए अनुदान मिलगा। निर्यात संबंधित यूनिट को ट्रांसपोर्टेशन सब्सिडी 30 प्रतिशत मिलेगी। माल ढुलाई पर दस लाख रुपए प्रतिवर्ष पांच वर्षों तक अनुदान मिलेगा। प्रोडक्ट का पेटेंट कराने पर रजिस्ट्रेशन खर्च का पचास प्रतिशत एवं अधिकतम दस लाख रुपए अनुदान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा बिहार में उद्योग को बढ़ावा देने की हमारी कोशिश शुरू से रही है। वर्ष 2006 में एक पॉलिसी भी बनी थी, लेकिन उस अनुरूप उद्योग का विकास नहीं हो सका। बिहार टेक्सटाइल एवं लेदर पॉलिसी, 2022 की सभी चीजों की चर्चा की गई है। खुशी की बात है कि अब यहां उद्योग लगने शुरू हो गए हैं। आनेवाले समय में इथेनॉल के उत्पादन में बिहार नंबर वन होगा। हम सभी लोग मिलकर काम करेंगे तो बिहार बुलंदी से आगे बढ़ेगा और देश के विकास में अपना योगदान देगा।
कार्यक्रम को रूपा एंड कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष विकास अग्रवाल, टीटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजय कुमार जैन, काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट के चेयरमैन संजय लिखा, डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक ने भी संबोधित किया।