पटना। बिहार में फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्री को भी बढ़ाने की कोशिश में उद्योग विभाग जुट गया है। इसी मसले पर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया से दिल्ली में मुलाकात की।
उद्योग मंत्री ने बताया कि यह तय हुआ कि जुलाई में केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में फार्मा इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। बिहार में बने औद्योगिक माहौल में फार्मा सेक्टर के उद्योग भी स्थापित हो। इसके सभी पहलुओं पर गंभीरता से विमर्श होगा।
पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के बिहार दौरे के दौरान बिहार में फार्मा सेक्टर से जुड़ी इंडस्ट्री की स्थापना को लेकर गंभीर चर्चा हुई थी। उद्योग मंत्री ने कहा कि फार्मा सेक्टर में बिहार के उद्योगपति काफी आगे हैं। इनके अलावा देश के अन्य उद्योगपतियों के भी बिहार में निवेश की गुंजाइश है। बिहार के औद्योगीकरण के लिए हर संभावनाओं पर हम काम रहे हैं।