पटना। अग्निपथ योजना के विरोध में 18 जून को बिहार बंद का आह्वान विपक्ष ने किया है। सेना में चार साल के लिए जवानों (अग्निवीर) की भर्ती का विरोध पूरे देश में जारी है। रेलवे स्टेशन, ट्रेन एवं बसों में आगजनी की घटना के साथ उपद्रवी निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई जगहों पर हिंसक घटनाएं भी हुईं। बिहार सरकार ने उग्र प्रदर्शन को देखते हुए 15 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश दिया है।
पटना जिला प्रशासन ने कहा है कि हिंसक प्रदर्शन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। विधि-व्यवस्था प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने युवाओं से अपील की है कि वे पूर्णतः प्रजातांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध-प्रदर्शन करें।

उपद्रवियों ने पटना जिला में 17 जून को चार रेल इंजन, आठ बोगी एवं स्टेशन परिसर में आठ निजी वाहनों में आग लगा दी। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित किया गया है। दानापुर, मनेर एवं पालीगंज अनुमंडल में 46 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। कोचिंग संचालकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। डीएम ने कहा है कि विधि-व्यवस्था के लिए अर्धसैनिक बलों की पांच कंपनियां तैनात की गई हैं। उपद्रवियों पर सरकार की पैनी नजर है। गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।