पटना। बिहार के 54 औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन की लीज दरें 80 फीसदी से लेकर 20 फीसदी तक कम हो गई हैं। इससे बियाडा के औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योग लगाना अब काफी सस्ता हो जाएगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के औद्योगीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में यह बहुत बड़ा फैसला है। बियाडा के औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन की दरों को युक्ति संगत बनाया गया है ताकि राज्य में उद्योग लगाना सस्ता और सुगम हो।
बियाडा के 54 औद्योगिक क्षेत्रों में 15 में 80 फीसदी, 12 में 60 फीसदी, अन्य 12 में 40 प्रतिशत एवं 15 औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन की कीमत 20 प्रतिशत तक कम की गई हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि हमारे पास उद्योग के लिए जमीन की कोई कमी नहीं है। बंद पड़ी चीनी मिलों की 2900 एकड़ जमीन राज्य सरकार ने बियाडा को हस्तांरित किया है। इसके बाद बहुत बड़ा लैंड बैंक उपलब्ध हो गया है। राज्य के औद्योगीकरण में आने वाली सभी बाधाओं को हम धीरे-धीरे खत्म करते जा रहे हैं।