मुख्य समाचार

लुधियाना के उद्योगपतियों को पसंद आई बिहार की टेक्सटाइल पॉलिसी

पटना/लुधियाना। बिहार की टेक्सटाइल पॉलिसी लुधियाना के उद्योगपतियों को पसंद आई है। 25 जुलाई को लुधियाना में हुए बिहार इन्वेस्टर्स मीट में खासकर टेक्सटाइल कंपनियां, ऑटो कंपोनेंट्स एवं अन्य सेक्टर से जुड़े उद्योगपति शामिल हुए। उद्योगपतियों ने बिहार की टेक्सटाइल पॉलिसी की सराहना की और बिहार में निवेश की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार करने की बात कही।

बिहार इन्वेस्टर्स मीट में नाहर ग्रुप के चेयरमैन कमल ओसवाल, क्रिमिका ग्रुप के सीएमडी अनूप वेक्टर, गर्ग एक्रेलिक ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी संजीव गर्ग, अरिसुदाना ग्रुप के सीएमडी गगन खन्ना, दीपक फास्टनर्स ग्रुप के दीपक कालरा और संजीव कालरा, सत्यम ऑटो इंडस्ट्रीज के सीएमडी गौतम मुंजाल एवं अन्य शामिल हुए।

टेक्सटाइल कंपनियों के अलावा टीआरबी ग्रुप, हैप्पी फोर्जिंग, हीरो ग्रुप, सत्यम ऑटो कंपोनेंट, ऐवन साइकिल, आरती स्टील, राज सोप इंडस्ट्रीज एवं आइओएल केमिकल कंपनियां शामिल हुईं।

उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन और प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक ने उद्योगपतियों को बिहार में अलग-अलग सेक्टर में उद्योग की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उद्योग मंत्री ने उद्योगपतियों से कहा आप जहां उद्योग चला रहे हैं चलाएं, लेकिन उद्योग का नया विस्तार बिहार में करें ताकि पूर्वाेत्तर भारत के बड़े बाजार तक आपकी पहुंच आसान हो।

प्रधान सचिव ने पंजाब के उद्योगपति से कहा कि हमारा विभाग राज्य के औद्योगीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। हम राज्य में उद्योग का माहौल बेहतर करने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। उन्होंने कहा कि हम जिन इन्सेंटिवस का वादा आपसे करेंगे, वह आपको समय पर देंगे ।

 


संबंधित खबरें