मुख्य समाचार

डाक विभाग की सेवाओं का लाभ उठाएं स्टार्टअप्स

पटना। भारतीय डाक और स्टार्टअप विषय पर संवाद का आयोजन बिहार डाक परिमंडल ने किया। बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) परिसर में आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों ने बताया कि डाक विभाग की सेवा का लाभ किस तरह नई स्टार्टअप कंपनियां ले सकती हैं। संवाद में 35 स्टार्टअप्स के प्रमोटरों ने शिरकत की।

डीडीएम (पीएलआई) ने डाक विभाग की सुविधाओं स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री पोस्ट, पार्सल पोस्ट, मीडिया पोस्ट, रिटेल पोस्ट एवं खासकर बिजनेस पार्सल और स्पीड पार्सल की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डाक विभाग के बड़े नेटवर्क की मदद से स्टार्टअप बिजनेस का कोई भी सामान भारत के किसी भी जिले या गांव तक पहुंचाया जा सकता है।

बिजनेस पार्सल के जरिए कम पैसे में लोगों का सामान डाक विभाग पूरे देश में शीघ्र पहुंचा रहा है। प्रमोटरों से यह अपेक्षा की गई कि वे अपनी कंपनियों के लिए डाक विभाग की सेवाओं का लाभ उठाएंगे।

डाक विभाग के मौजूद वरिष्ठ अधिकारी : बिहार सर्किल के मुख्य डाक महाध्यक्ष किशन कुमार शर्मा, डाक महाध्यक्ष उत्तरी क्षेत्र परिमल सिन्हा, डाक महाध्यक्ष पूर्वी क्षेत्र मनोज कुमार, डाक निदेशक मुख्यालय पी.के. मिश्रा, डाक निदेशक पूर्वी क्षेत्र पवन कुमार, पटना प्रमंडल के वरीय डाक अधीक्षक राजदेव प्रसाद एवं पटना जीपीओ के मुख्य पोस्टमास्टर रंजय कुमार।

बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से संवाद में अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, महासचिव गौरव साह, वेंचरपार्क के सदस्य सचिव सुबोध कुमार, एसोसिएशन के भूतपूर्व अध्यक्ष के.पी.एस.केशरी एवं राम लाल खेतान, भूतपूर्व महासचिव आशीष रोहतगी, एसोसिएशन के सदस्य एवं वेंचरपार्क से संबद्ध स्टार्टअप्स मौजूद रहे।

 

 


संबंधित खबरें