मुख्य समाचार

औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए 968 करोड़ राशि स्वीकृत

पटना। राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए 968.79 करोड़ राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में विभिन्न विभागों के 40 प्रस्तावों पर सहमति बनी।

अनाज आधारित मुजफ्फरपुर बायो फ्यूल्स इथेनॉल प्लांट की स्थापना के लिए निजी पूंजी निवेश पर वित्तीय प्रोत्साहन को मंजूरी मिली है। 100 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता वाले मुजफ्फरपुर इथेनॉल प्लांट की निवेश राशि 141 करोड़ 31 लाख 30 हजार है।

गोपालगंज स्थित वेस्टवेल बायो रिफाइनरी के क्षमता विस्तार के लिए निजी पूंजी निवेश पर वित्तीय प्रोत्साहन को मंजूरी दी गई है। अनाज आधारित इथेनॉल डिस्टलरी की वर्तमान क्षमता 75 किलोलीटर प्रतिदिन है। इस क्षमता को बढ़ाकर 97.5 किलोलीटर प्रतिदिन करना है।

औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए बड़ी राशि मंजूरी का बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्वागत किया है। चैंबर ने इसके लिए मुख्यमंत्री एवं उद्योगमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है ।

चैंबर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने कहा कि राज्य में औद्योगीकरण के विस्तार के लिए सरकार से लगातार मांग की जा रही थी। राज्य सरकार के इन प्रयासों से उद्यमियों को सुविधा होगी। राज्य में औद्योगीकरण को बल मिलेगा और नये निवेशक आकर्षित होंगे ।

 


संबंधित खबरें